यम द्वितीया पर चित्रगुप्त जी की पूजा, कलम-दवात पूजन एवं पर्यावरण संरक्षण की अपील

@bareillylive : ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल, एजुकेशनल, वेलफेयर सोसाइटी, मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, महिला कल्याण समिति एवं भैरव सेवा संघ के संयुक्त तत्वाधान में प्राचीन बाबा श्री विश्वनाथ मंदिर, निकट बेकमा हाऊस, बरेली के प्रांगण में पंचम यम द्वितीया पूजन समारोह भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। यह आयोजन मां गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण बचाओ देश बचाओ, रक्तदान महादान, सनातन एवं आध्यात्म चिंतन को समर्पित रहा।

संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना के नेतृत्व में तथा संरक्षक सी.एल. शर्मा एवं अनुपम कपूर के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में यम द्वितीया के पावन पर्व पर भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना तथा कलम-दवात पूजन की परंपरा निभाई गई। कार्यक्रम में संगठन परिवार का संकल्प प्रस्तुत किया गया कि भगवान चित्रगुप्त जी महाराज सर्व समाज के भगवान हैं। इस भावना को सभी उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार एड. रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन आनंद ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, वरिष्ठ व्यापारी नेता वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल, पंकज अग्रवाल, प्रदीप सक्सेना, अमर सिंह परमार आदि शामिल रहे।

तीन सत्रों में हुआ आयोजन
आयोजन तीन सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र में प्रख्यात कथा व्यास गोपाल कृष्ण ठाकुर जी महाराज के करकमलों द्वारा भगवान चित्रगुप्त जी की विधिविधान से पूजा-अर्चना, हवन पूजन एवं कलम-दवात पूजन मंत्रोच्चारण के मध्य कराया गया। भक्तों ने श्रद्धा और भाव से पूजन में सहभागिता की।

द्वितीय सत्र में “भगवान चित्रगुप्त जी सर्व समाज के भगवान हैं क्यों और कैसे” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके बाद भजन संध्या ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। तृतीय सत्र में 2151 दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया तथा भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी और भक्तों के जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
सम्मान एवं संकल्प कार्यक्रम के दौरान संगठन परिवार की ओर से समाज में योगदान देने वाले दिग्गजों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय को मां गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण बचाओ देश बचाओ, रक्तदान महादान, सनातन एवं आध्यात्म चिंतन के प्रति जागरूक किया गया। सभी ने सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, महिला सम्मान, गौ सेवा एवं रक्तदान के लिए संकल्प लिया। इसके उपरांत उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना के अतिरिक्त सचिन श्याम भारतीय, अमित कुमार, अनुराग सक्सेना, संजीव सक्सेना, जीतेश राज नक़्श, उमेश त्रिगुणायत, आशीष प्रधान, श्वेता प्रधान, हरजीत कौर, रवि प्रकाश शर्मा, प्रवीण शर्मा, कनिष्क शर्मा, अंकुर सक्सेना, विशेष कुमार, अभिषेक सक्सेना, अखिलेश शर्मा, रवि सक्सेना आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त करते हुए संरक्षक रजनीश सक्सेना ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, सेवा, एकता एवं आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। सभी संगठनों ने संकल्प लिया कि मां गंगा, गौ, बेटी एवं पर्यावरण के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!