दीपावली पर ‘एक गूंज’ ने झुग्गी-झोपड़ियों में बांटी खुशियां, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

bareillylive@दीपावली पर ‘एक गूंज’ ने झुग्गी-झोपड़ियों में बांटी खुशियां बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

मिठाई, नए कपड़े, दीये और मोमबत्तियां बांटकर जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाया रोशनी का पर्व; अध्यक्ष बंटी ठाकुर बोले- जरूरतमंदों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी खुशी

बरेली@bareillylive:बरेली। दीपावली का असली आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। इसी भावना को साकार करते हुए सामाजिक संस्था ‘एक गूंज’ ने दीपावली के अवसर पर शहर की विभिन्न झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर गरीब, मजदूर, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। संस्था के पदाधिकारियों ने बच्चों और परिवारों को मिठाई, नए कपड़े, दीये और मोमबत्तियां वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।

संस्था के सदस्य जब झुग्गी बस्तियों में पहुंचे तो बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। मिठाई और नए कपड़े पाकर बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। दीये और मोमबत्तियां मिलने से परिवारों में भी दीपावली को लेकर उमंग नजर आई। संस्था के सदस्यों ने केवल सामग्री वितरित ही नहीं की, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के बीच समय बिताकर उनकी खुशियों में भी भागीदारी की।

जरूरतमंदों की मुस्कान ही सेवा की असली प्रेरणा

संस्था के अध्यक्ष बंटी ठाकुर ने कहा कि ‘एक गूंज’ का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां लाना और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरना है। संस्था समय-समय पर ऐसे सेवा अभियान चलाती रहती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मना सकें।

उन्होंने कहा, “जब हम जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते हैं तो लगता है कि हमारी मेहनत सफल हुई। यही खुशी हमें आगे भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करती है। दीपावली रोशनी का पर्व है। हमारी कोशिश है कि कोई भी घर अंधेरे में न रहे। इसी उद्देश्य से परिवारों को दीये और मोमबत्तियां भी वितरित की गईं।”

बंटी ठाकुर ने बताया कि संस्था के सभी पदाधिकारी निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में जुटे रहते हैं। यह अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था पूरे वर्ष जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय रहती है। भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

शहर की कई बस्तियों तक पहुंची ‘एक गूंज’ की टीम

दीपावली सेवा अभियान के तहत संस्था की टीम ने बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन के आसपास बसी झुग्गी-झोपड़ियों, सिलेक्शन पॉइंट चौराहा, नैनीताल रोड किनारे की बस्तियों और प्रेमनगर क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर सामग्री वितरित की। टीम के सदस्यों ने घर-घर जाकर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं।

ये रहे मौजूद

इस सेवा अभियान में संस्था अध्यक्ष बंटी ठाकुर के साथ संतोष राज, राजेंद्र, मोहिनी वर्मा, पारस सिंह, सौरभ वर्मा, यश कुमार गौतम, तेजस और संदीप वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। सभी सदस्यों ने मिलकर वितरण कार्य किया और बच्चों के साथ दीपावली मनाकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!