नन्दीक्षा पाठशाला में जरूरतमंद बच्चों संग मनाई दीपावली, उपहार और मिठाइयां पाकर खिले नन्हे चेहरों पर मुस्कान

bareillylive@नन्दीक्षा पाठशाला में जरूरतमंद बच्चों संग मनाई दीपावली

बरेली@bareillylive:बरेली। दीपावली का असली आनंद दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने में है। इसी भावना को साकार करते हुए नन्दीक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से संचालित नन्दीक्षा पाठशाला में जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को दीपावली के उपहार और मिठाइयां वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना और उनके जीवन में सकारात्मकता का संचार करना रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाई और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उनके चेहरों पर मुस्कान और आंखों में चमक ने आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर नन्दीक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्षा नंदा राणा ने कहा कि संस्था का निरंतर प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के साथ एक खुशहाल बचपन और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है।

कार्यक्रम में नंदा राणा, आलोक कुलश्रेष्ठ, महेंद्र सिंह गंगवार, ब्रजेश सक्सेना, प्रीति शर्मा, पायल मौर्य, सोमन, श्वेता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें उपहार एवं मिठाइयां देकर त्योहार की खुशियों में शामिल किया।

कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!