यमद्वितीया पर चित्रांशों ने कलम-दवात पूजकर मांगा ज्ञान एवं समृद्धि का आशीर्वाद

@bareillylive : यमद्वितीया के पावन अवसर पर श्री चित्रगुप्त जयंती के उपलक्ष्य में कोहड़ापीर स्थित चित्रगुप्त चौक पर श्री चित्रगुप्त सेवा समिति के तत्वावधान में सामूहिक कलम-दवात पूजन का आयोजन किया गया। कायस्थ समाज के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर अपने आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना करते हुए उनके प्रतीक चिन्ह कलम-दवात का हवन के साथ पूजन किया। इस अवसर पर समस्त मानव जाति के उत्थान, ज्ञान-विज्ञान, सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूजन एवं आरती के बाद उपस्थित सभी चित्रांशों ने श्रद्धा और भक्तिभाव से कलम-दवात की पूजा की। कायस्थ समाज की परंपरा में यमद्वितीया पर भगवान चित्रगुप्त के साथ कलम, दवात एवं बही-खातों की पूजा की जाती है। यह पर्व ज्ञान, विद्या, लेखन और कर्मों के संकल्प का प्रतीक माना जाता है।

इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त सेवा समिति के संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक गौरव सक्सेना पार्षद ने बताया कि कायस्थ समाज दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा के साथ अपनी कलम रख देता है। इसके बाद यमद्वितीया पर भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज एवं उनके प्रतीक चिन्ह कलम-दवात की पूजा के पश्चात ही कलम उठाकर लिखने-पढ़ने का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा समाज में शिक्षा, ज्ञान एवं लेखन के महत्व का संदेश देने के लिए है।

गौरव सक्सेना ने बताया कि शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं लेखन परंपरा को संजोए रखने के उद्देश्य से ही कोहड़ापीर पर श्री चित्रगुप्त सेवा समिति द्वारा चित्रगुप्त चौक पर कलम-दवात प्रतीक की स्थापना कराई गई है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी समस्त प्राणियों के पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाले माने जाते हैं और कायस्थ समाज उन्हें अपना आराध्य देव मानकर पूजा करता है।

पूजन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अतुल सक्सेना, अनिलेश सक्सेना, अनिल जौहरी, अविनाश सक्सेना, निर्भय सक्सेना, अभय भटनागर, दिनेश सक्सेना, कमल भारती, सत्यप्रकाश सक्सेना, दीपक सक्सेना, रूपम जौहरी, विपिन सक्सेना, रत्नेश सक्सेना, शक्ति मंगलम, अनिल कंचन, आयुष सक्सेना, अक्षत सक्सेना, शुभम आजाद, चिरंजीव आजाद, अनिल कुदेशिया, सुरेंद्र मोहन, मनी सक्सेना, धर्मेंद्र सक्सेना, शैलेंद्र सक्सेना, राजीव सक्सेना, आदित्य सक्सेना, संजीव सक्सेना एवं सौरभ सक्सेना सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज से परिवार, समाज एवं देश की खुशहाली, ज्ञान-वृद्धि, सद्बुद्धि तथा सुख-समृद्धि की कामना की। समाज के लोगों ने इस पावन पर्व को शिक्षा, संस्कार एवं सामूहिक एकता का संदेश देने वाला अवसर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!