130 से अधिक दिव्यांगजनों ने कराया पंजीकरण, इनाली फाउंडेशन और रोटरी क्लब पुणे डाउनटाउन के सहयोग से आयोजित हो रहा शिविर
bareillylive@बरेली। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बरेली साउथ ने एक सराहनीय पहल की है। क्लब की ओर से इनाली फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब पुणे डाउनटाउन के सहयोग से 20 और 21 नवंबर को दो दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में उत्तर प्रदेश समेत मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के 130 से अधिक दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया है। शिविर में चयनित जरूरतमंदों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ लगाए जाएंगे।
शिविर के पहले दिन 20 नवंबर को सभी पंजीकृत लाभार्थियों को सुबह 9 बजे पहुंचने के लिए आमंत्रित किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों को दैनिक जीवन के सामान्य कार्य करने में सक्षम बनाना है, जिन्होंने किसी कारणवश अपना हाथ गंवा दिया है। कृत्रिम हाथ मिलने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में मदद मिलेगी।
आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने कहा कि यह शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास जगाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। रोटरी क्लब बरेली साउथ लगातार समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय है। जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है।
पीडीजी डॉ. आईएस तोमर ने कहा कि रोटरी हमेशा से समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी रही है। बरेली में पहले से ही जरूरतमंदों को कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने की सुविधा संचालित है। अब कृत्रिम हाथ की सुविधा शुरू होने से दिव्यांगजनों को एक ही केंद्र पर कृत्रिम पैर और हाथ दोनों की सुविधा मिल सकेगी। इससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को लाभ होगा।
पीडीजी रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि बरेली में अब बैटरी संचालित कृत्रिम हाथ भी जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल दिव्यांगजनों को रोजमर्रा के कार्यों में अधिक सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
देशभर में सेवा कार्य कर रहा इनाली फाउंडेशन
रोटरी क्लब ऑफ पुणे डाउनटाउन से आए प्रदीप मुनूथ ने कहा कि रोटरी क्लब बरेली साउथ के साथ इस शिविर का आयोजन करना उनके लिए खुशी की बात है। उनकी टीम देशभर में इस तरह के शिविर आयोजित करती है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग जारी रखने की उम्मीद है।
इनाली फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि संस्था देशभर में निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित करती है। बरेली में यह पहला शिविर है, जिसमें 130 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
सेवा कार्य में जुटे रहे रोटेरियन
कार्यक्रम में डॉ. रवि मेहरा, शिशिर पांडे, राकेश धीरवानी, अनुपम कपूर, दिनेश खंडेलवाल, संजय अग्रवाल, संजय गर्ग और संदीप मेहरा सहित अनेक रोटेरियन उपस्थित रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने और अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में चयनित लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ लगाने के साथ ही उसके इस्तेमाल और संचालन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। यह पहल दिव्यांगजनों को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक सम्मान को भी नई मजबूती देगी।




Leave a Reply