bareillylive@बरेली। कैंट विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित बेदी बैंक्वेट हॉल में मतदाता पुनरीक्षण अभियान कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सक्रियता के साथ अभियान चलाने और विशेष रूप से युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भागीदारी है और इसे सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।
कैंट विधानसभा प्रभारी प्रभाशंकर ने अभियान में माइक्रो मैनेजमेंट की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फार्म-6 भरा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे बूथ स्तर पर मतदाता सूची की बारीकी से समीक्षा करें, नामों और विवरणों में त्रुटियों की पहचान करें तथा पात्र नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बूथ अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र संयोजक, पार्षद और मंडल अध्यक्ष आपसी समन्वय से काम करेंगे, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाई जा सके।
कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने की। राजबहादुर सक्सेना ने संयोजन किया, जबकि महानगर उपाध्यक्ष अमरीश कठेरिया ने संचालन किया। इस दौरान कैंट विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, शक्तिकेंद्र संयोजकों और बूथ अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को अभियान की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महानगर के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सीपीएस चौहान, प्रभु दयाल लोधी, अरुण कश्यप, उमेश कठेरिया, राम चंद्र मौर्य, विस्तारक अमन शर्मा, विष्णु शर्मा, शिशुपाल कठेरिया, तृप्ति गुप्ता, गरिमा अग्रवाल और दीपक सोनकर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने और मतदाता सूची की त्रुटियों के निस्तारण के लिए समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिशन के रूप में संचालित करने का संकल्प लिया।






Leave a Reply