@bareillylive : मानव सेवा क्लब ने गुरुवार को बालाजी विहार, गौटिया निवासी अनिल गुप्ता, जो दोनों पैरों से विकलांग हैं, के निवास पर पहुंचकर उन्हें व्हील चेयर भेंट की। अनिल गुप्ता पहले इज्जत नगर में चाय का खोका लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों पैरों से विकलांग होने के बाद उनकी रोजी-रोटी का साधन समाप्त हो गया। तीन बेटियों के पिता अनिल गुप्ता अपनी गृहस्थी चलाने में गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे थे।
क्लब के सदस्यों ने उनकी स्थिति जानकर न केवल व्हील चेयर दी, बल्कि उन्हें कुछ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। यह कार्यक्रम पुरुष दिवस तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। व्हील चेयर क्लब के सदस्य विष्णु अग्रवाल के सहयोग से दी गई।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने कहा कि मानव सेवा सर्वोत्तम सेवा है और हर व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में विकलांग, गरीब और संकटग्रस्त लोगों की सहायता करना हम सबका कर्तव्य है। क्लब ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचकर उनके जीवन में सुधार लाने का प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम में क्लब के महासचिव मुकेश कुमार सक्सेना, डॉ. सुरेश रस्तोगी, प्रकाश चन्द्र सक्सेना, विष्णु अग्रवाल, कंचन अग्रवाल, आर.एन. मेहरोत्रा, ए.एल. गुप्ता, अनिल सक्सेना और निशि गुप्ता मौजूद रहे। सभी ने अनिल गुप्ता को व्हील चेयर सौंपी और उनके परिवार को हिम्मत बढ़ाने वाले शब्द कहे।
अनिल गुप्ता ने क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि व्हील चेयर से उनकी दैनिक गतिविधियों में सहूलियत होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि समाज के सहयोग से वे अपने परिवार का भरण-पोषण फिर से कर सकेंगे। यह पहल समाज में मानवता, सहानुभूति और सेवा भावना को बढ़ावा देने वाली मानी जा रही है।






Leave a Reply