रामगंगा घाट पर 11,125 दीपों से जगमगाया षष्ठम देव दीपावली महोत्सव

bareillylive@रामगंगा घाट पर 11,125 दीपों से जगमगाया षष्ठम देव दीपावली महोत्सव

@bareillylive : कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर बरेली के रामगंगा घाट दीपों की अपार रोशनी से जगमगा उठा। मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसायटी, ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल, एजुकेशनल, वेलफेयर सोसाइटी तथा महिला कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में षष्ठम रामगंगा महोत्सव के अंतर्गत षष्ठम देव दीपावली महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर रामगंगा घाट पर 11,125 दीप प्रज्वलित किए गए, जिनकी रोशनी से पूरा घाट दिव्य और भावविभोर हो उठा। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर रामगंगा तट पर श्रद्धालुओं का आस्था का सैलाब भी देखा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना, संरक्षक राकेश कुमार अग्रवाल, वी पी खंडेलवाल तथा मोहम्मद नवी द्वारा मां गंगा एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद मां गंगा की भव्य महाआरती की गई। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने मां गंगा, गौ, बेटी और पर्यावरण की रक्षा के साथ ही रक्तदान महादान, सनातन एवं आध्यात्म चिंतन का संकल्प भी लिया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने संस्था परिवार की इस ऐतिहासिक पहल की सराहना की। उन्होंने आयोजन का श्रेय संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना तथा संस्था परिवार को देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. रजनीश सक्सेना ने कहा कि पिछले 42 वर्षों से मां गंगा की असीम अनुकंपा से संगठन परिवार मां गंगा के घाट पर निरंतर सेवार्थ आता रहा है। उन्होंने कहा कि आज पुनः कार्तिक पूर्णिमा का दिन इतिहास में दर्ज हुआ, जब रामगंगा की पावन भूमि पर 11,125 दीप प्रज्वलित कर यह महाआयोजन संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि संस्था परिवार यह प्रयास आगे भी निरंतर करता रहेगा।

इस अवसर पर संस्था परिवार की ओर से गणमान्य मुख्य अतिथियों को गंगा रक्षा शिरोमणि सम्मान दिया गया। उन्हें पटका पहनाकर तथा मां गंगा का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्था परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यापर्ण कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

आयोजन का मुख्य आकर्षण मां गंगा की जीवंत झांकी रही, जिसमें शिवानी ने उत्कृष्ट अभिनय प्रस्तुत किया। इससे पूर्व प्रथम सत्र में संस्था परिवार के सदस्यों ने रामगंगा चौबारी मेला घाट तथा प्रशासनिक मेला प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं, शिविर संचालकों और व्यापारियों को “मां गंगा की रक्षा क्यों और कैसे” विषय पर जागरूक किया। इस दौरान जागरूकता हेतु पंपलेट वितरित किए गए तथा मेला प्रांगण में बैनर लगाकर जनमानस को संदेश दिया गया।

आयोजन में डॉ. रजनीश सक्सेना, सी एल शर्मा, मोहम्मद नवी, वी पी खंडेलवाल, महंत अजयानंद शर्मा, कनिष्क शर्मा, संतोष उपाध्याय, संजीव सक्सेना, अखिलेश शर्मा, अंकुर सक्सेना, विशाल मेहरोत्रा, मनीष, संजू रस्तोगी, रवि सक्सेना, हरजीत कौर, सचिन श्याम भारतीय, शिवानी प्रजापति तथा सौरभ सक्सेना, गौरव खंडेलवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। महाआरती सेवा समिति का भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी अखिलेश शर्मा एवं रवि सक्सेना ने किया। महाआरती के उपरांत उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया।

अंत में संरक्षक वी पी खंडेलवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से व्यवस्था सुचारु रही। देव दीपावली पर रामगंगा घाट पर दीपदान एवं महाआरती की परंपरा को लेकर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से भर उठा।[

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!