The Voice of Bareilly since 2010

जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया अब इस वजह से नहीं बढ़ाएंगे वैलिडिटी

नई दिल्ली। देश की तीनों प्रमुख मोबाइल फोन सेवा प्रदाता कंपनियों- जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया की ओर से अब किसी भी प्रकार के एडिशनल फ्री बेनिफिट्स नहीं दिए जाएंगे। गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान अब तक सभी टेलिकॉम कंपनियों की ओर से अपने यूजर्स को एडिशनल फ्री बेनिफिट्स ऑफर किए जा रहे थे। कंपनियों की ओर से कहा गया है कि टैरिफ प्लान्स पर वैलिडिटी अब नहीं बढ़ाई जाएगी क्योंकि लोग घरों से निकलकर लोकल स्टोर से भी रिचार्ज कर सकते हैं।

सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) के डायरेक्टर जनरल राजन मैथ्यूज की ओर से कहा गया कि कॉमन सर्विस सेंटर्स अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ऐक्टिव हो गए हैं। लोग घरों से निकलकर लोकल स्टोर से भी अब रिचार्ज कर सकते हैं। साथ ही अडिशनल वैलिडिटी या फ्री बेनिफिट्स जो लॉकडाउन के चलते दिए जा रहे थे, आगे नहीं दिए जाएंगे। उन्होंने यह बात जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया की ओर से कही। खास बात यह है कि कई टेलिकॉम कंपनियां छोटे किराना स्टोर्स और एटीएम की मदद से भी अब रिचार्ज का ऑप्शन दे रही हैं।

टेलिकॉम ऑपरेटर्स को लगता है कि लॉकडाउन में मिली राहत और मौजूदा ऑप्शंस के साथ यूजर्स अब सिम रिचार्ज आसानी से कर सकते हैं। यही वजह है कि अब किसी भी टैरिफ प्लान्स की वैलिडिटी एक्सटेंड नहीं की जाएगी। वोडाफोन-आइडिया की ओर से कहा गया है कि यूपी वेस्ट के यूजर्स किराना शॉप्स से लेकर मेडिकल स्टोर्स तक बनाए गए 6,500 आउटलेट्स से रिचार्ज कर सकते हैं। साथ ही ऑनलाइन रिचार्ज का ऑप्शन भी सभी कंपनियों की ओर से यूजर्स को दिया जा रहा है।

अब तक मिल रहे थे ये बेनिफिट्स

भारत सरकार की ओर से लॉकडाउन की घोषणा किए जाने के पहले ही सप्ताह में टेलिकॉम कंपनियों की ओर से प्रीपेड कस्टमर प्लान्स की वैलिडिटी 14 अप्रैल तक बढ़ा दी गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 3 मई कर दिया गया। एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया की ओर से 10 रुपये तक का एक्सट्रा टॉकटाइम यूजर्स को फ्री दिया जा रहा था। रिलायंस का जियो भी 100 मिनट का फ्री टॉकटाइम यूजर्स को दे रहा था। रिचार्ज पॉइंट्स खुलने के साथ ही ये बेनिफिट्स अब आगे यूजर्स को नहीं दिए जाएंगे।

error: Content is protected !!