The Voice of Bareilly since 2010

भगोड़े इस्‍लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के पीस टीवी पर तीन लाख पाउंड का जुर्माना, नफरत फैलाने पर कार्रवाई

लंदन। भारत से भागकर मलेशिया में रह रहे विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक (Zakir Naik) के पीस टीवी (Peace TV) पर ब्र‍िटेन में तीन लाख पाउंड का जुर्माना लगाया गया है। ब्रिटेन में मीडिया पर निगरानी रखने वाले नियामक “ऑफकॉम” ने पीस टीवी नेटवर्क पर देश में  “नफरत फैलाने वाले भाषण”  और “अत्यधिक आपत्तिजनक” विषयवस्तु प्रसारित करने के मामले में यह कार्रवाई की  है। कार्र्वाई के तहत पीस टीवी उर्दू के लाइसेंस धारकों पर दो लाख पाउंड और पीस टीवी पर एक लाख पाउंड का जुर्माना लगाया है। जाकिर नाइक घृणा फैलाने वाले भाषणों से कट्टरपंथ को बढ़ावा देने और धनशोधन (Money laundering) के मामले में भारत में वांछित है।

“ऑफकॉम” ने कहा है, “हमारी जांच में यह पाया गया है कि पीस टीवी उर्दू और पीस टीवी पर प्रसारित कार्यक्रमों में नफरत फैलाने वाले भाषण और अत्यधिक आपत्तिजनक विषयवस्तु दिखाई गई है। इससे अपराध भड़कने की भी आशंका थी।” “ऑफकॉम” ने एक बयान में कहा, “हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि यह सामग्री प्रसारण संबंधी हमारे नियमों का पालन करने में गंभीर असफलताओं को दर्शाती है और इसके लिए जुर्माना लगाए जाने की आवश्यकता है।”

पीस टीवी पर लॉर्ड प्रॉडक्शन लिमिटेड का मालिकाना हक है और पीस टीवी उर्दू का लाइसेंस क्लब टीवी के पास है। दोनों की मूल कंपनी यूनिवर्सल ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड है जिसका मालिक जाकिर नाइक है।

जाकिर नाइक वर्ष 2016 में भारत से भागकर मलेशिया चला गया था जहां उसे स्थायी निवास की अनुमति मिल गई थी। भारत ने उसके प्रत्यर्पण के लिए पिछले सप्ताह मलेशिया सरकार से औपचारिक रूप से अनुरोध किया था। उसके “आपत्तिजनक व्यवहार” के कारण 2010 में ब्रिटेन में उसके प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

 

error: Content is protected !!