The Voice of Bareilly since 2010

“नाचने वाला” को लेकर अरविंद केजरीवाल और मनोज तिवारी आमने-सामने

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के शीर्ष नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पर हमला करना कोई नई बात नहीं है। लेकिन, शनिवार को उन्होंने भोजपुरी गायक व दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी से पंगा ले लिया। चुनावी जोश में केजरीवाल भोजपुरी गायक को “नाचने वाला” बोल बैठे। तिवारी ने इस पर तुरंत पलटवार किया और केजरीवाल के बयान को पूर्वांचल के लोगों का अपमान करार दिया। 

दरअसल, दिल्ली में आगामी 12 मई को चुनाव होना है। कांग्रेस के साथ गठबंधन के उम्मीद में काफी समय बर्बाद कर चुके अरविंद केजरीवाल इन दिनों जोर-शोर से आप उम्मीदवारों के प्रचार में जुटे हैं। इसी दौरान जोश में आकर उन्होंने मतदाताओं से अपील की, मनोज तिवारी नाचते बहुत अच्छा हैं पर इस बार काम करने वालों को ही वोट देना।” 

अरविंद केजरीवाल के इस “जोशीले बयान” की जानकारी मिलते ही मनोज तिवारी ने पलटवार किया। भाजपा नेता ने कहा, “केजरीवाल ने मेरे बारे में अपशब्द बोल कर सीधे तौर पर पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया है। अब वही लोग केजरीवाल को दिखाएंगे कि इसका परिणाम क्या होगा।”

गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने आप के प्रो. आनंद कुमार को हराया था।भाजपा ने 2019 के आम चुनाव में भी मनोज तिवारी को इसी क्षेत्र से टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी ने उनको टक्कर देने के लिए अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्वांचल से आने वाले दिलीप पांडेय को मैदान में उतारा है। ऐसे में निर्णायक पूर्वांचल वोट बैंक वाली यह सीट भाजपा और आप दोनों के लिए नाक का सवाल बन गई है।

error: Content is protected !!