The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक विजय मिश्र मध्य प्रदेश में गिरफ्तार, दो दिन पहले जताई थी एनकाउंटर की आशंका

भदोही (उत्तर प्रदेश)। ज्ञानपुर के चर्चित विधायक विजय मिश्रा को शुक्रवार को मध्य प्रदेश के आगर जिले के मालवा में गिरफ्तार कर लिया गया। भदोही से पुलिस टीम विधायक को अपनी हिरासत में लेने के लिए रवाना हो गई है। विजय मिश्रा ने दो दिन पहले ही अपने एनकाउंटर की आशंका जताई थी। गुरुवार की रात एकाएक उनकी एमएलसी पत्नी रामलली मिश्रा भी लापता हो गई हैं। 

निषाद पार्टी के बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर पिछले दिनों गुंडा एक्ट लगा था। इसके बाद विधायक, उनकी पत्नी रामलली मिश्रा और बेटे विष्णु मिश्रा पर पड़ोसी कृष्णमोहन तिवारी ने मुकदमा दर्ज कराया था। तीनों पर मारपीट और मकान पर कब्जे का आरोप है। बीती 8 अगस्त को मुकदमा दर्ज होने के बाद से जांच और तीनों की तलाश हो रही थी। 

मुकदमा दर्ज होने के बाद विजय मिश्रा गायब हो गए थे। इस बीच उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है और पुलिस कभी भी उनका एनकाउंटर कर सकती है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रामलली और बेटे विष्णु को फर्जी मामले में फंसाया जा रहा है।

गुरुवार को रामलली मिश्रा के लापता होने की जानकारी उनके गनर ने पुलिस को दी। इसके बाद प्रयागराज में मुकदमा भी दर्ज कराया गया। इसी बीच शुक्रवार की सुबह मध्य प्रदेश में विजय मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। भदोही के एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से विधायक विजय मिश्रा और उनका परिवार गायब हो गया था। शुक्रवार को उनके मध्य प्रदेश की तरफ भागने की सूचना मिली तो वहां की पुलिस को बताया गया। इसके बाद उन्हें आगर के मालवा में पकड़ा गया। एमएलसी के गायब होने के सवाल पर एसपी ने कहा कि कोई गायब नहीं है। केवल गिरफ्तारी से बचने के लिए यह सब किया जा रहा है।  इस बीच पता चला है कि  विजय मिश्र उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

error: Content is protected !!