The Voice of Bareilly since 2010

पतंग के साथ 100 फीट हवा में उछली 3 साल की लड़की, लोगों ने जैसे-तैसे बचाई जान

ताइपे। ताईवान में मनाया जाने वाले पतंग उत्सव अजीबो-गरीब और दिल दहला देने वाली घटना का गवाह बना। उत्सव के दौरान एक तीन साल की लड़की हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। दरअसल, एक विशाल पतंग को उड़ाने के दौरान उसकी एक डोर बच्ची बच्ची से लिपट गई और वह हवा में 100 फीट तक उछल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसको बचा लिया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ताइवान के सिंचु शहर में पतंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। देश के कोने-कोने से पतंगबाज इस उत्सव में करतब दिखाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। रविवार को जब यहां भीड़ के बीच एक पतंगबाज नारंगी रंग की बड़ी-सी पतंग को उड़ा रहा था, तभी उसकी एक डोर 3 साल की लड़की से उलझ गई। 60 किलोमीटर प्रतिघंटे से चल रही हवा के कारण लड़की देखते ही देखते हवा में 100 फीट ऊपर तक उछल गई।

इस घटना को देख वहां मौजूद लोग भी सहम गए। इस दौरान वह छोटी लड़की हवा में 30 सेकेंड के आसपास रही। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसको बचा लिया। लड़की की पहचान लिन के रूप में हुई है जिसको हादसे में मामूली चोट ही आई है।

शिंचु शहर के एक अधिकारी ने बताया कि अचानक आए हवा के तेज झोके के कारण एक बड़ी पतंग की एक डोर लड़की से उलझ गई थी। इस कारण स्थानीय प्रशासन ने पतंग उत्सव के आयोजकों को इसे जल्द से जल्द खत्म करने का आदेश दिया है।





 

error: Content is protected !!