The Voice of Bareilly since 2010

बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा की मौत, आत्महत्या की आशंका

मुंबई। बॉलीवुड के लिए मनहूस साबित हो रहे वर्ष 2020 ने उसे एक और सदमा दिया है। हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियल के चर्चित अभिनेता आसिफ बसरा नहीं रहे। गुरुवार को उनका शव हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला में एक कैफे के पास मिला। आशंका जाहिर की जा रही है कि उन्‍होंने आत्महत्या की है। उनकी मौत कैसे हुई या उन्‍होंने आत्‍महत्‍या क्‍यों की, इस बात की जानकारी अभी नहीं मिली है। मौके से कोई सूइसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। कांगड़ा के एसपी विमुक्त रंजन ने उनकी मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

आसिफ बसरा पिछले 5 सालों से मैक्लोडगंज में एक किराए के मकान में रह रहे थे। उनके साथ उनकी एक विदेशी महिला मित्र भी रहती थी। यह महिला ब्रिटेन की बताई जाती है और उनके साथ लिव इन में रह रही थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बसरा गुरुवार दोपहर अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकले थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह डिप्रेशन का शिकार थे।

53 साल के आसिफ बॉलीवुड का जाना-माना चेहरा थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1998 में फिल्म वो से की थी।उन्होंने परजानियां, ब्लैक फ्राईडे, वन्स अपॉन न ए टाइम इन मुंबई,  कृष 3,  एक विलन,  मंजुनाथ, जब वी मेट जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने  सुशांत सिंह राजपूत के साथ फिल्म ‘काई पो चे’ में भी काम किया था। उन्होंने कई टीवी सीरियल में भी काम किया था।।

error: Content is protected !!