The Voice of Bareilly since 2010

प्यार में बाधा बन रहे पिता को बेटी ने मरवाया, प्रेमी ने कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन

कौशांबी। “प्यार अंधा होता है।” इस कहावत पर उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुई एक घटना ने फिर मुहर लगा दी है, जहां नाबालिग लड़की ने प्यार में बाधा बन रहे पिता की हत्या अपने प्रेमी से करवा दी। कौशांबी जिले के सराय अकिल इलाके में पांच दिन पहले एक किसान की हत्या हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार यह हत्या कुल्हाड़ी से काट कर की गई थी। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को बेटी के बयान पर शक हुआ।  

तबरेज अहमद नाम का किसान कुछ दिनों से अपना क्षतिग्रस्त मकान फिर से बनवा रहा था। इसी वजह से वह रात में पड़ोसी कुट्टू के घर में सो जाता था। 28 दिसंबर 2020 की रात जब वह कुट्टू के घर सो रहा था, उसी दौरान लगभग 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। कुट्टू के शोर मचा कर तबरेज के परिवारीजन और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का खुलासा करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया गया। परिवारीजनों को सर्विलांस पर रखा गया। 

करीब एक सप्ताह की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि तबरेज अहमद की हत्या उसकी ही नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के जरिए करवाई थी। पुलिस ने बताया कि पिता नाबालिग बेटी के प्यार में बाधा बन रहा था, जिससे वह अंदर ही अंदर गुस्से से उबल रही थी। इसी गुस्से में उसने अपने पिता को प्रेमी के हाथों मरवा दिया। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए प्रेमी रेहान को हिरासत में लिया तो हत्याकांड की गुत्थी परत दर परत सुलझ गई। पुलिस ने तबरेज की बेटी और रेहान को हिरासत में ले लिया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर के मुताबिक, रेहान ने बताया कि तबरेज को 12वीं में पढ़ने वाली बेटी के प्यार की भनक लगी तो उसने इस पर एतराज जताया और बेटी की पढ़ाई छुड़वा दी। इसके बावजूद दोनों चोरी-छिपे मिला करते थे। घटना वाली शाम तबरेज को बेटी की करतूत के बारे में पता चला तो उसने उसकी पिटाई कर दी। इस पर बेटी ने मोबाइल फोन के जरिये पिटाई की बात रेहान को बताई। इसके बाद उन दोनों ने तबरेज को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

28 दिसंबर 2020 की रात रेहान प्रेमिका के घर पहुंचा, जहां उसे पता चला कि तबरेज पड़ोसी के घर में सो रहा है। रेहान पड़ोसी के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे तबरेज की गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। तबरेज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर रेहान अपने गांव पुरखास भाग गया था।

error: Content is protected !!