The Voice of Bareilly since 2010

कोवीशील्ड वैक्सीन को लेकर नई गाइडलाइन, अब 28 दिन के बजाय 8 सप्ताह बाद लगेगी दूसरी डोज

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड की पहली और दूसरी डोज के बीच के अंतर को बढ़ाने का फैसला लिया है। केंद्र के निर्देश के मुताबिक कोवीशील्ड के दोनों डोज के बीच अब कम से कम 6 से 8 हफ्ते का अंतर होना चाहिए। फिलहाल दोनों के बीच का अंतर 28 दिन है। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला कोवैक्सिन पर लागू नहीं होगा।

केंद्र सरकार के मुताबिक, नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन (NTAGI) और वैक्सीनेशन एक्सपर्ट ग्रुप की ताजा रिसर्च के बाद यह फैसला लिया जा रहा है जिसका अमल राज्य सरकारों को करना होगा। दावा किया गया है कि अगर वैक्सीन की दूसरी डोज 6 से 8 हफ्ते के बीच दी जाती है तो यह ज्यादा असरदार साबित होगी।

7 दिन में 2.60 लाख नए संक्रमित मिले

देश में पिछले हफ्ते कोरोना के केस में इससे पहले वाले हफ्ते की तुलना में 67 की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। यह इस महामारी की शुरुआत से अब तक हर हफ्ते होने वाली बढ़ोतरी में सबसे ज्यादा है। 15 से 21 मार्च के बीच देश में 2 लाख 60 हजार 561 मामले सामने आए। इससे पहले 8 से 14 मार्च के बीच 1 लाख 55 हजार 887 मरीजों की पहचान हुई थी। यानी इन दो हफ्तों में नए केस का अंतर 1 लाख 4 हजार 674 रहा।

इससे पहले पिछले साल जुलाई के आखिरी दो हफ्तों में आए नए केस का अंतर 34% रहा था, जो उस समय सबसे ज्यादा था। 20-26 जुलाई के बीच 3 लाख 17 हजार 712 केस आए थे। इससे पहले 13 से 19 जुलाई के बीच 2 लाख 38 हजार 640 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। इन दो हफ्तों में करीब 80 हजार केस बढ़े थे।

एक दिन में सबसे ज्यादा एक्टिव केस बढ़े

देश में रोजाना नए केसों के साथ ही एक्टिव केसों (इलाज करा रहे मरीज) का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। बीते 38 दिनों में एक्टिव केस में करीब 2 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 11 फरवरी को देश में 1.33 लाख एक्टिव केस थे, जो रविवार को बढ़कर 3.31 लाख हो गए। बीते दिन इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 25,578 का इजाफा हुआ। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 10 सितंबर को 24,610 एक्टिव केस बढ़े थे।

error: Content is protected !!