बरेली@BareillyLive: नागरिक सुरक्षा कोर सेवा और समर्पण का वह मंच है जिसका अन्य कोई विकल्प नहीं है। वार्डन इस सामाजिक संगठन की रीढ़ हैं, उन्हीं के प्रयासों से समाज का प्रत्येक व्यक्ति और परिवार इससे जुड़ा हुआ व संगठित है। आने वाला समय और भी चुनौतीपूर्ण है जिसके लिए प्रशिक्षित होना तो आवश्यक है ही साथ में परस्पर प्रेम व निष्ठा से कार्य करना बहुत महत्वपूर्ण है तभी सिविल डिफेंस की नई पहचान बनेगी।
यह संदेश आज पूर्व वरिष्ठ वार्डन्स ने सिविल लाइंस स्थित रवि अग्रवाल ज्वैलर्स के यहां आयोजित सम्मान समारोह में वार्डन साथियों को दिया। लम्बे समय तक सिविल डिफेंस में निस्वार्थ सेवा देने वाले वरिष्ठ वार्डन्स को सम्मानित करने का कार्य सिविल लाइंस प्रभाग की सुभाषनगर पोस्ट द्वारा किया गया।

डिवीजनल वार्डन दिनेश यादव ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान करना सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा यह पल भावुकतापूर्ण होने के साथ अविस्मरणीय भी हैं। पोस्ट वार्डन मनोज कुमार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी इस परम्परा को बनाये रखें। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी चीफ़ वार्डन दिनेश कटियार,पूर्व डिप्टी डिवीजनल वार्डन उस्मान नियाज़, पूर्व डिप्टी डिवीजनल वार्डन (आ) अमित पंत तथा पूर्व आईसीओ राजेन्द्र मोहन गर्ग को माल्यार्पण करके स्मृति चिन्ह भेंट किये।
इससे पूर्व पोस्ट की मासिक बैठक में कार्यों की समीक्षा के पश्चात आगामी माह में होने वाले विशेष प्रशिक्षण की जानकारी स्टाफ ऑफिसर आलोक शंखधर ने दी तथा अधिक से अधिक संख्या में वार्डन को प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आयोजक सेक्टर वार्डन मयूरेश अग्रवाल ने एसओ फायर जफर बेग व आईसीओ स्वदेश कुमारी सहित सभी आगंतुकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर डिप्टी पोस्ट वार्डन जय गोपाल अरोरा, रानी सिंह, बिन्दु सक्सेना,नीरज कुमार शर्मा, गुंजन सिंह, ममता पाल व विवेक सक्सेना उपस्थित रहे। अन्त में पोस्ट वार्डन मनोज कुमार व मयूरेश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।





