Bareillylive : नई दिल्ली/बरेली। हिंदी साहित्य अकादमी, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य साहित्यिक समारोह में बरेली के वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार ऋषि कुमार शर्मा ‘च्यवन’ ने अपनी नवीन कृति अप्रतिम देशभक्त कर्नल पतंजलि शर्मा केंद्रीय न्याय एवं विधि राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को सादर भेंट की।
यह पुस्तक कवि द्वारा उनके पिताश्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित है। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल, प्रसार भारती लक्ष्मी शंकर बाजपेई की कृति जो जगाते हैं के लोकार्पण अवसर पर किया गया। इस विशेष अवसर पर न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मेघवाल स्वयं भी साहित्यप्रेमी, विद्वान और मधुर स्वर के गायक होने के साथ-साथ हिंदी भाषा और संस्कृति के गहरे सरोकार रखते हैं।
समारोह में देशभर से आए अनेक प्रांतों के साहित्यकारों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने इसे यादगार बना दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा तथा साहित्य अकादमी की उपाध्यक्ष और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सचिव प्रो. सच्चिदानंद जोशी मंच पर उपस्थित रहे।पुस्तक भेंट के इस भावभीने क्षण ने कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ा दी।
कवि ऋषि कुमार शर्मा ‘च्यवन’ ने इसे अपने लिए प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि साहित्य के माध्यम से समाज और राष्ट्र को जोड़ने का प्रयास निरंतर चलता रहेगा। वहीं, मेघवाल ने इस अवसर पर साहित्यकारों की भूमिका को समाज के नैतिक बुनियाद को सशक्त बनाने वाला बताया। इस कार्यक्रम ने न केवल पुस्तकों और लेखकों के प्रति सम्मान को अभिव्यक्ति दी, बल्कि हिंदी साहित्य के प्रति बढ़ते लगाव और साझा सांस्कृतिक चेतना का भी सशक्त संदेश दिया।





