Bareillylive : मानव सेवा क्लब की ओर से मॉडल टाउन स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में महान क्रांतिकारी भगत सिंह की 118वीं जयंती पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष व जाने-माने साहित्यकार सुरेश बाबू मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि देश के हर व्यक्ति के भीतर भगत सिंह का जज़्बा जीवित रहना चाहिए, तभी देश की असली रक्षा संभव है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के विचारों और साहस को आत्मसात करने की अपील की।
इस अवसर पर समाजसेवा और राष्ट्रप्रेम के प्रति समर्पित क्लब के जागरूक प्रहरी डॉ. वीरेंद्र कुमार को भगत सिंह स्मृति सम्मान प्रदान करते हुए उनका योगदान सराहा गया। क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने कहा कि मात्र 24 वर्ष की आयु में भगत सिंह देश के लिए अतुलनीय योगदान दे गये, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र कुमार अटल ने भगत सिंह को देश का अद्वितीय दार्शनिक और वीर योद्धा बताया तथा कहा कि उनकी विचारधारा और साहस आज भी प्रेरणा है।
एक अन्य विशिष्ट अतिथि, इं. ए.एल. गुप्ता ने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए, जिसमें भगत सिंह को ‘भारत रत्न’ देने की माँग हो। क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने समारोह का संचालन किया जबकि प्रारंभ देशभक्ति गीत से हुआ, जिसे प्रकाश चंद्र सक्सेना ने प्रस्तुत किया। महासचिव प्रदीप माधवार ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।
इस यादगार मौके पर सुनील कुमार शर्मा, मुकेश सक्सेना (एलआईसी), प्रकाश चंद्र, निर्भय सक्सेना, अंगन लाल, डॉ. अखिलेश गुप्ता समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं साहित्यकार उपस्थित रहे। समारोह ने सभी को देशप्रेम और त्याग की भावना से ओतप्रोत कर दिया।





