बरेली@BareillyLive: बरेली के कुंडरा कोठी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह निगम को गाजियाबाद में तैनाती के दौरान एक महिला से दुष्कर्म और धोखे से विवाह करने के गंभीर आरोपों के चलते एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गाजियाबाद पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
गाजियाबाद तैनाती के दौरान बनी थी मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, जय सिंह निगम की तैनाती कुछ समय पहले तक गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में थी। इसी दौरान शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक महिला से उनकी जान-पहचान हुई। पीड़िता का आरोप है कि जांच के बहाने सब-इंस्पेक्टर उसे विभिन्न स्थानों पर ले गया और कई बार दुष्कर्म किया।
महिला ने आगे बताया कि निगम ने खुद को अविवाहित बताकर मंदिर में उससे विवाह रचा लिया। लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। विवाह के बावजूद उसने महिला को अपने साथ नहीं रखा और धोखा दिया।
गाजियाबाद में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता की शिकायत पर साहिबाबाद थाने में दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जैसे ही यह जानकारी बरेली पुलिस प्रशासन तक पहुंची, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने फौरन निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
फिलहाल आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी सख्त कार्रवाई चल रही है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
(बरेली लाइव लगातार इस खबर पर नजर बनाए हुए है। कोई अपडेट मिलते ही सबसे पहले आपको सूचित करेंगे।)




