The Voice of Bareilly since 2010

संघ कार्यों की शताब्दी पर प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित, डॉ. हेडगेवार के विचारों पर हुई प्रेरक चर्चा

Bareillylive : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यों के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा और समर्पण की सौ वर्षों की महान यात्रा पर एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन संस्कृति भवन, ललित कला संस्थान स्थित सभागार में संपन्न हुआ।

दिनांक 14 नवम्बर 2025 को सायं 3:30 बजे हुई इस गोष्ठी में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महानगर के अनेक व्यवसायी, शिक्षाविद्, चिकित्सक, अधिवक्ता, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, धार्मिक व क्रीड़ा क्षेत्र के प्रमुख, साहित्यकार, सामाजिक नेता, मातृशक्ति एवं इन्फ्लुएंसर शामिल हुए।

गोष्ठी की शुरुआत वन्दे मातरम से और समापन राष्ट्रगान से हुआ। अपने संबोधन में सरकार्यवाह होसबाले ने संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की देशभक्ति एवं कार्यशैली की चर्चा की और कहा कि यदि हम संघ को समझना चाहते हैं, तो डॉ. हेडगेवार जी के मूल विचारों को समझना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि डॉ. हेडगेवार देश की आज़ादी के लिए क्रांतिकारी बने, किंतु उनका दृष्टिकोण यही था कि स्वतंत्रता के पश्चात समाज को सही दिशा कैसे दी जाए। संघ का शताब्दी समारोह मात्र संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि समाज की एकता और आत्मविश्वास को उजागर करने का अवसर है।

सरकार्यवाह ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा, “हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि ‘समाज के अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्र प्रेम की भावना पहुँचाने की दिशा में संघ की शताब्दी यात्रा समर्पित होगी।’” उन्होंने आरएसएस की उपलब्धियों का उल्लेख नहीं करते हुए, उसके अभाव में देश की स्थिति के सवाल को गंभीर चिंतन का विषय बताया। उन्होंने कन्याकुमारी विवेकानंद स्मारक, अयोध्या राम मंदिर एवं अमरनाथ यात्रा जैसे राष्ट्रीय उपक्रमों के उदाहरण प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण हेतु निरंतर प्रयास है और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही भारत ‘विश्वगुरू’ के रूप में प्रतिष्ठित हो सकता है। राष्ट्र रक्षा व सेवा में संघ के स्वयंसेवकों का महत्त्वपूर्ण योगदान भी रेखांकित किया गया।

गोष्ठी में अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले, अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश, क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र, अखिल भारतीय गौ संयोजक अजीत महापात्र, संस्कार भारती से बांके लाल सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। गोष्ठी का संचालन सुनील कुमार और प्रमोद चौहान ने किया। संघ द्वारा विविध सामाजिक, शैक्षणिक, सेवा एवं राष्ट्रीय जागरण कार्यों की विस्तृत जानकारी भी इस अवसर पर साझा की गई।

error: Content is protected !!