The Voice of Bareilly since 2010

लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता यात्रा का बरेली में भव्य आयोजन

Bareillylive : राष्ट्रीय एकता के प्रतीक और भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर कैंट विधानसभा क्षेत्र में विधायक संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का शुभारंभ पटेल चौक पर भारत रत्न सरदार पटेल की प्रतिमा पर ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। यह पदयात्रा पटेल चौक से प्रारंभ होकर चौकी चौराहा, कचहरी, रेलवे जंक्शन, सुभाष नगर, खन्ना बिल्डिंग, वाजपेई स्वीट ढाल होते हुए बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर से शिव स्वयंवर बारातघर तक निकाली गई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर व्यापारी संगठनों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “सरदार वल्लभभाई अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा और लोगों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया गया। पदयात्रा के समापन अवसर पर शिव स्वयंवर बारातघर में जनसभा आयोजित की गई। मुख्य वक्ता एमएलसी महाराज सिंह ने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती रियासतों के एकीकरण की थी, जिसे पटेल जी ने अपनी अद्भुत कूटनीति और दृढ़ नेतृत्व से पूरा किया। उन्होंने भारत को एक अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।

विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि किसी भी देश की शक्ति उसकी एकता और अखंडता में होती है। सरदार पटेल ने भारत की भौगोलिक व राजनीतिक एकता को साकार किया। वे न सिर्फ स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी रहे। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि सरदार पटेल को भारत का बिस्मार्क कहा जाता है, जिन्होंने ताकत नहीं बल्कि अपनी इच्छा-शक्ति और कुशल नेतृत्व से देश को एक सूत्र में बांधा।

कार्यक्रम में प्रवासी हरि ओम, प्रभु दयाल लोधी, देवेन्द्र जोशी, अरुण कश्यप, विष्णु शर्मा, तृप्ति गुप्ता, अमरीश कठेरिया, सोनू कालरा, मोहित तिवारी, कन्हैया राजपूत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी, स्कूली छात्र और आम नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!