The Voice of Bareilly since 2010

फिल्मी गीतों से दी बड़े पर्दे के ही-मैन को श्रद्धांजलि, गायकों ने किया संगीतमय नमन

Bareillylive : मानव सेवा क्लब द्वारा सोमवार को रामपुर गार्डन के सभागार में अभिनेता धर्मेंद्र को उनकी फिल्मों के गीतों के जरिए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम भावुक और यादगार क्षणों से भरपूर था।

कार्यक्रम की शुरुआत अरुणा सिन्हा ने धर्मेंद्र की फिल्म का प्रसिद्ध गीत “तुम जो चले तो होगी बड़ी खराबी” गाकर की, जिसने श्रोताओं की आंखों में आंसू ला दिए। इस गीत ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने श्रद्धांजलि स्वरूप फिल्म “पल-पल दिल पास” का गीत प्रस्तुत किया, जिससे माहौल और भी ज्यादा भावनात्मक हो गया। गायक प्रकाश चंद्र सक्सेना ने धर्मेंद्र की फिल्म “मेरे हमदम मेरे दोस्त” के गीत “न जा, कहीं अब न जा दिल के सिवा” को अपनी मधुर आवाज़ में गाकर अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।

इसके अलावा मुकेश सक्सेना, डॉ. अतुल वर्मा, मधु वर्मा, शोभा सक्सेना, प्रो. सुनील शर्मा, प्रमिला शर्मा, मंजू लता, नीतू टंडन, रश्मि सक्सेना, जितेंद्र सक्सेना, बेबी शर्मा और सरला चौधरी ने भी अपने-अपने गीतों के माध्यम से धर्मेंद्र को नमन किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रकाश चंद्र सक्सेना को धर्मेंद्र की याद में एक स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। महासचिव प्रदीप माधवार ने सभी कलाकारों, आयोजकों और दर्शकों का धन्यवाद किया और इस भावपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी का आभार व्यक्त किया। इस तरह मानव सेवा क्लब ने अभिनेता धर्मेंद्र के सम्मान में एक यादगार समारोह का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जिसने सभी को उनकी फिल्मों और गीतों की याद दिलाई।

error: Content is protected !!