The Voice of Bareilly since 2010

योगी का प्रियंका पर पलटवार- तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोक सेवा का अर्थ नहीं समझेंगे

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा को भगवा वस्त्र पर बयान देना काफी भारी पड़ रहा है। भगवा वस्त्र पर उनके बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनको जोरदार जवाब दिया है। कहा, “विरासत में राजनीति पाने वाले और भारत देश को भुलाकर तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोक सेवा का अर्थ क्या समझेंगे।”

मुख्य़मंत्री कार्यालय की ओर ट्वीट में कहा गया कि सबकुछ त्याग कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा लोक सेवा के लिए धारण किया है। अब संन्यासी की लोक सेवा और जन कल्याण के निरंतर जारी यज्ञ में जो भी बाधा उत्पन्न करेगा उसे दंडित होना ही पड़ेगा।

ट्वीट में लिखा गया कि योगी आदित्यनाथ ने न केवल भगवा धारण करते हैं, बल्कि उसका प्रतिनिधित्व भी करते हैं। भगवा वेशभूषा लोक कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए है। योगी आदित्यनाथ जी उस पथ के पथिक हैं।

क्या कहा था प्रियंका ने

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को यहां योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा था कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने बयान दिया कि वह बदला लेंगे, उस बयान पर पुलिस प्रशासन कायम है। इस देश के इतिहास में शायद पहली बार मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा वस्त्र धारण किया है। यह भगवा आपका नहीं है। भगवा हिन्दुस्तान की धार्मिक आध्यात्मिक परंपरा का चिन्ह है, हिन्दू धर्म का चिह्न है। उस धर्म को धारण करिये। … उस धर्म में रंज, हिंसा और बदले की भावना की कोई जगह नहीं है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कृष्ण, राम और शिव के देश में हिंसा और बदले की जगह नहीं है। महाभारत में भी कृष्ण ने रण क्षेत्र में बदला लेने की बात नहीं की। बदले की भावना इस देश की परंपरा नहीं रही है। यह देश तो प्रेम, करुणा और अहिंसा की बात करता है। यह बात मुख्यमंत्री को समझनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ भगवा वस्त्र धारण करते हैं तो उसका मूल्य भी समझें। योगी आदित्यनाथ धर्म धारण करना सीखें। भगवा रंग हिंदू धर्म का प्रतीक है, जो बदला लेना व हिंसा नहीं सिखाता।

error: Content is protected !!