The Voice of Bareilly since 2010

570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, डीएम बोले- चयन में नहीं चला शिकायतों का दौर

नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं

bareillylive@bareillynews:जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवचयनित सहायिकाओं को दी बधाई, बच्चों और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील

बरेली, 22 अगस्त। जनपद में 570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को शनिवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की अहम भूमिका है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली सहायिकाओं के जीवन में नई शुरुआत हुई है। स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ बच्चों से ही रखी जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण का विशेष ध्यान रखना सहायिकाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। स्वस्थ महिलाएं और बच्चे ही विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।

विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की गई है। उन्होंने सहायिकाओं से छोटे बच्चों, कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा पूरी ईमानदारी से दायित्व निभाने की अपील की।

705 पदों में से 570 पर हुआ चयन

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नवचयनित सहायिकाओं को बधाई देते हुए बताया कि जिले में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 705 पद रिक्त थे। इनमें से 570 पदों पर चयन पूरा कर लिया गया है। शेष 135 पदों पर जल्द ही चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रही। यही वजह रही कि चयन को लेकर शिकायतों का दौर नहीं चला।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुसार पात्र विधवा, परित्यक्ता और अन्य महिलाओं का मेरिट के आधार पर चयन किया गया है।

पोषण ट्रैकर पर फीडिंग का मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने कहा कि चयन प्रक्रिया में वास्तविक पात्र महिलाओं का ही चयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने सहायिकाओं से 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा देने, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों पर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर ध्यान दें। बच्चों को पोषण, शिक्षा और संस्कार देने के साथ गर्भवती महिलाओं के पोषण का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि सहायिकाएं पूरी लगन से काम करेंगी तो प्रदेश से कुपोषण की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।

सीडीओ ने बताया कि नवचयनित सहायिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें पोषण ट्रैकर पोर्टल पर फीडिंग करने की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर कार्यों का आकलन किया जाएगा, इसलिए सहायिकाएं इसे गंभीरता से सीखें।

नवाबगंज विधायक एमपी आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मानदेय कर्मियों के मानदेय में वृद्धि और निशुल्क चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन अवनीश यादव ने किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया समेत विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!