The Voice of Bareilly since 2010

तीन तलाक के बाद जमीला ने अपनाया हिंदू धर्म, ज्योति देवी बनकर रविदास से रचाया विवाह

तीन तलाक के बाद जमीला ने अपनाया हिंदू धर्म

bareillylive@bareillynews:बरेली। झारखंड के बोकारो निवासी जमीला खातून ने अपने पूर्व पति पर उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देने के बाद हलाला के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। जमीला ने बरेली पहुंचकर हिंदू धर्म अपनाया और अपना नाम ज्योति देवी रख लिया। इसके बाद उन्होंने हजारीबाग निवासी रविदास से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। विवाह समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जमीला के अनुसार, उनका निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के बाद पति आए दिन उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। विरोध करने पर उन्हें तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दोबारा ससुराल लौटने के लिए उन पर हलाला का दबाव बनाया गया।

जमीला ने बताया कि लगातार बढ़ते विवाद और मानसिक तनाव के बीच उनकी स्थिति बेहद खराब हो गई थी। उन्होंने अपनी परेशानी हजारीबाग निवासी परिचित रविदास को बताई। आरोप है कि इस दौरान रविदास ने उनकी मदद की। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।

इसके बाद दोनों बरेली पहुंचे। यहां अगस्त्य मुनि आश्रम मंदिर में जमीला ने हिंदू धर्म अपनाया। धर्म परिवर्तन के बाद उनका नाम ज्योति देवी रखा गया। इसके बाद मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के साथ ज्योति देवी और रविदास का विवाह कराया गया।

विवाह के बाद ज्योति देवी ने कहा कि उनकी भगवान शिव में आस्था है और उन्होंने हिंदू धर्म अपनाने का निर्णय अपनी इच्छा से लिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने नए जीवन में सम्मान, सुरक्षा और शांति चाहती हैं।

विवाह समारोह से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। वहीं, पूर्व वैवाहिक जीवन में लगाए गए उत्पीड़न और हलाला से जुड़े आरोपों पर जमीला उर्फ ज्योति देवी ने अपनी बात रखी है। उनके आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!