The Voice of Bareilly since 2010

आयुर्वेद स्वस्थ और संतुलित जीवन की भारतीय परंपरा : डॉ. विनय कुमार सिंह

bareillylive-आयुर्वेद स्वस्थ और संतुलित जीवन की भारतीय परंपरा

केसर इंटर कॉलेज बहेड़ी में 11वें आयुर्वेद दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, क्विज और पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

बरेली @bareillylive:बरेली बहेड़ी। नगर के केसर इंटर कॉलेज बहेड़ी में केसर इको क्लब के तत्वावधान में 11वें आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विनय कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार जीवनशैली में अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव और अधिक स्क्रीन टाइम जैसी आदतें स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं। ऐसे में आयुर्वेद की दिनचर्या, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और योग जैसे सिद्धांत स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखाते हैं।

विद्यालय के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त राष्ट्रीय विज्ञान संचारक एवं प्रधानाचार्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि भारतीय परंपरा में नीम, हल्दी, तुलसी और अदरक जैसी अनेक वनस्पतियों का प्रयोग सदियों से होता आ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले धनतेरस के अवसर पर आयुर्वेद दिवस मनाया जाता था, लेकिन इसे वैश्विक स्तर पर मनाने के उद्देश्य से भारत सरकार ने 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस के लिए निर्धारित किया है। उन्होंने इसे मन और शरीर के बीच संतुलन का प्रतीक बताया।

केसर इको क्लब प्रभारी प्रिय इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में आरोग्य वाटिका विकसित की जानी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं को औषधीय पौधों और उनके उपयोग की वैज्ञानिक जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य चंद्रभानु सिंह ने किया। उन्होंने रसोई में प्रयोग होने वाले विभिन्न मसालों के स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। प्रवक्ता सत्यवीर ने क्विज प्रतियोगिता तथा कला शिक्षक जेपी वर्मा ने पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कराया। प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य एवं मुख्य अतिथि ने पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए।

संकल्प सेवा अभियान के अंतर्गत विद्यालय में ‘स्वास्थ्य ही सेवा’ थीम पर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका बहेड़ी के स्वास्थ्य विभाग से राजीव रंजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. विनय कुमार सिंह और विद्यालय की इको क्लब टीम ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एजीएम सिविल विमल कुमार माथुर ने की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!