The Voice of Bareilly since 2010

चलती ट्रेन से गिरी 10 वर्षीय छात्रा, नींद में चलने की बीमारी से हादसे की आशंका

bareillylive@चलती ट्रेन से गिरी 10 वर्षीय छात्रा

बरेली@bareillylive:बरेली। नानी के साथ ट्रेन से किच्छा जा रही कक्षा दो की 10 वर्षीय छात्रा भोजीपुरा स्टेशन के पास अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा के ट्रेन से गिरने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। नानी ने तत्काल ट्रेन में मौजूद टीटी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद जीआरपी सक्रिय हुई और घायल छात्रा को भोजीपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार थाना सुभाषनगर क्षेत्र के नेकपुर निवासी रामवती अपनी 10 वर्षीय नातिन रश्मि को किच्छा स्थित अपनी बेटी के घर छोड़ने जा रही थीं। मंगलवार रात करीब आठ बजे दोनों ट्रेन से सफर कर रही थीं। ट्रेन भोजीपुरा स्टेशन के आसपास पहुंची थी, तभी अचानक रश्मि चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। बच्ची के ट्रेन से गिरते ही नानी घबरा गईं और उन्होंने ट्रेन में मौजूद टीटी को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने मामले में तत्परता दिखाई। पुलिस ने घायल छात्रा को भोजीपुरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। साथ ही घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और छात्रा की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आए।

नींद में चलने की बीमारी से हादसे की आशंका

परिजनों के मुताबिक रश्मि को नींद में चलने की बीमारी है। उनका आशंका है कि हादसे के समय भी छात्रा नींद की अवस्था में रही होगी और इसी दौरान वह ट्रेन से नीचे गिर गई। हालांकि, छात्रा ट्रेन से किस तरह नीचे गिरी, इसकी पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे में छात्रा को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। परिजन बच्ची की हालत को लेकर चिंतित हैं। घटना के बाद जीआरपी ने भी मामले की जानकारी जुटाई है और हादसे के परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!