विष्णु इंटर कॉलेज मैदान में सजेगा भव्य दशहरा मेला, राजगद्दी यात्रा और आतिशबाजी मुकाबला रहेगा आकर्षण का केंद्र
बरेली। दशहरा रामलीला धार्मिक सेवा समिति, बरेली के तत्वावधान में 70वां विराट, भव्य एवं दिव्य दशहरा मेला मंगलवार को श्री विष्णु इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले में 50 फुट ऊंचे रावण तथा 40-40 फुट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही शानदार आतिशबाजी का मुकाबला भी देखने को मिलेगा।
1950 से आयोजित हो रहा है दशहरा मेला
दशहरा रामलीला धार्मिक सेवा समिति के महामंत्री रवि छाबड़ा ने बताया कि विभाजन के बाद वर्ष 1950 से मॉडल टाउन में दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बरेली के सबसे बड़े और प्रमुख मेलों में गिना जाता रहा है। पहले राजगद्दी यात्रा जिला परिषद कार्यालय से शुरू होकर पूरे शहर का भ्रमण करते हुए मॉडल टाउन स्थित दशहरा मेला मैदान पहुंचती थी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन श्री विष्णु इंटर कॉलेज, बरेली के मैदान में नए स्वरूप में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को मॉडल टाउन में लंका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा मेले के अंतर्गत राजगद्दी यात्रा निकाली जाएगी।
श्री हरि मंदिर से निकलेगी राजगद्दी यात्रा
महामंत्री रवि छाबड़ा के अनुसार, 20 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे राजगद्दी यात्रा श्री हरि मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा सनातन धर्म मंदिर, रामायण मंदिर और दरगाह मंदिर होते हुए मेला स्थल पर पहुंचेगी। यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
मेले में 50 फुट ऊंचा रावण तथा 40-40 फुट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही आतिशबाजी का जोरदार मुकाबला आयोजित किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।
कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल
दशहरा मेले में मुख्य अतिथि के रूप में बृज प्रांत के अध्यक्ष पूरन लाल लोधी शामिल होंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में पर्यावरण एवं वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, दुर्गविजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, विधायक संजीव अग्रवाल और विधायक छत्रपाल गंगवार के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
मेले का शुभारंभ बरेली के महापौर उमेश गौतम द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा जिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।
मेला कमेटी ने तैयारियों का लिया जायजा
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेला कमेटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर, महामंत्री रवि छाबड़ा, मेला इंचार्ज अतुल कपूर, मुख्य संरक्षक सुशील अरोरा और अनिल अरोरा, कोषाध्यक्ष संजय आनंद, मीडिया प्रभारी गोविंद तनेजा, लतेश शर्मा और धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मेला स्थल पर मौजूद रहे।
इस दौरान महामंत्री रवि छाबड़ा ने समिति के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों और सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी बरेलीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।






Leave a Reply