बरेली@bareillylive:भोजीपुरा, बरेली। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजीपुरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 377 ग्राम अवैध अफीम बरामद होने का दावा किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई हाईवे किनारे भूड़ा सैदपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर गश्त के दौरान की गई। रात करीब 9:22 बजे उपनिरीक्षक पवन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जाहिद उर्फ अंडा पुत्र अली अहमद उर्फ भूरा, निवासी ग्राम टाह, थाना नवाबगंज, हाल निवासी अंधी गौटिया, भोजीपुरा और अनवार अहमद उर्फ मुन्ना पुत्र इकबाल अहमद, निवासी वार्ड नंबर पांच, धौराटांडा, भोजीपुरा के रूप में हुई।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 377 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हाईवे पर एक ट्रक चालक से अफीम खरीदी थी। इसके बाद वे इसे घर ले जाकर छोटी-छोटी गोलियां बनाकर अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जाहिद के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अनवार अहमद के खिलाफ भी एक पूर्व मुकदमा दर्ज बताया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भोजीपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।






Leave a Reply