The Voice of Bareilly since 2010

शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनेंगे जिला जेल के बंदी, 35 ने दी नवभारत साक्षरता परीक्षा

bareillylive@शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनेंगे जिला जेल

बरेली@bareillylive:बरेली। जिला कारागार बरेली में निरुद्ध बंदियों को शिक्षा, कौशल विकास और पुनर्वास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे साक्षरता कार्यक्रम के तहत शनिवार को नवभारत साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 35 बंदियों ने हिस्सा लिया, जिनमें पांच महिला बंदी भी शामिल रहीं।

कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान की प्रेरणा और पुलिस महानिदेशक, कारागार पीसी मीणा के निर्देशन में प्रदेश की जेलों में बंदियों की शिक्षा, सुधार, कौशल विकास एवं पुनर्वास के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कारागार बरेली में निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से 8 अगस्त से साक्षरता कार्यक्रम शुरू किया गया था।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने किया था। साक्षरता कार्यक्रम शुरू कराने में सेवानिवृत्त जेल अधीक्षक मो. अकरम खान का भी विशेष सहयोग रहा। वर्तमान में कारागार में निरुद्ध निरक्षर बंदियों को नियमित रूप से शिक्षा प्रदान कर साक्षर बनाया जा रहा है।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 20 सितंबर को नवसाक्षर बंदियों की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में कुल 35 बंदियों ने भाग लिया। इसमें पांच महिला बंदी भी शामिल थीं। परीक्षा में सफल रहने वाले बंदियों को शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत एनआईओएस की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

साक्षरता कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन के साथ बेसिक शिक्षा विभाग, बरेली की ओर से बंदियों को शिक्षा दे रहे शिक्षक संजीव गंगवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

परीक्षा के संचालन में जेलर आनंद सिंह, सुशील वर्मा, डिप्टी जेलर राघवेंद्र सिंह वर्मा, वीरेश्वर प्रताप सिंह, सौमित्रदेव त्रिपाठी और देवदत्त ने विशेष योगदान दिया।

जेल अधीक्षक आलोक शुक्ला ने कहा कि बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए जेल में शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से बंदी शिक्षा और कौशल अर्जित कर भविष्य में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

इस दौरान फार्मासिस्ट यादवेन्द्र मोहन, कनिष्ठ सहायक राहुल मिश्रा, चीफ हेड वार्डर रामगोपाल सिंह सहित अशोक शुक्ल, बृजेश मिश्र, शैली शर्मा और रीना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!