बरेली में 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय एकता दिवस, सरकारी कार्यालयों में दिलाई जाएगी एकता की शपथ

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जिलेभर में होंगे कार्यक्रम, सुबह 8 बजे प्रभात फेरी और ‘रन फॉर यूनिटी’ का भी होगा आयोजन

बरेली@bareillylive:बरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने इस संबंध में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी।

राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने के लिए जहां संभव होगा, वहां पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी बलों की ओर से मार्च पास्ट अथवा रूट मार्च निकाला जाएगा। वहीं, सुबह 8 बजे प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकालेंगे, जबकि माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की ओर से रैलियां आयोजित की जाएंगी।

माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित निबंध, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विद्यार्थियों द्वारा उनके जीवन पर आधारित नाटकों का मंचन भी किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय समारोह स्थलों पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उपयुक्त स्थानों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। जनपद की कारागारों में भी राष्ट्रीय एकता पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और एकता के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!