बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘दहन’ में 198 करोड़ का ड्रग्स का जखीरा हुआ राख
बरेली। नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन दहन के तहत करीब 198.63 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ नष्ट कर दिए। जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 907 मुकदमों में बरामद 5914.690 किलोग्राम नशीले पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया।
एक मार्च से सात जुलाई तक चले अभियान के दौरान मादक पदार्थों को पांच चरणों में नष्ट किया गया। पहले चरण में 648.444 किलोग्राम, दूसरे में 1320.076 किलोग्राम, तीसरे में 649.817 किलोग्राम, चौथे में 2153.823 किलोग्राम और पांचवें व अंतिम चरण में 1097.530 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई चौथे चरण में हुई, इसमें दो टन से अधिक नशीला सामान नष्ट किया गया।
बाजार में करीब 199 करोड़ रुपये कीमत
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 198 करोड़ 63 लाख 35 हजार 701 रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट होने से अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका माना जा रहा है। इस कार्रवाई में सिर्फ एक तरह का नहीं, बल्कि कई श्रेणियों के मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें गांजा, चरस, हेरोइन, कोकीन, मॉर्फीन, अफीम, डोडा पोस्त और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थ शामिल रहे। ये सभी अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए थे।
नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी तस्करों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पूरे अभियान की निगरानी एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने की। कमेटी में एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी क्राइम मनीष चंद्र सोनकर और सीओ क्राइम देवेश सिंह शामिल रहे।






Leave a Reply