नाथ नगरी में बनेगा भव्य श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम, गर्भगृह की प्रथम शिला का शिलान्यास

bareillylive@नाथ नगरी में बनेगा भव्य श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम गर्भगृह की प्रथम शिला का शिलान्यास

दीपावली के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य, दो साल में मंदिर तैयार करने का लक्ष्य

बरेली@bareillylive:बरेली। नाथ नगरी बरेली में आस्था और संस्कृति के एक नए केंद्र के रूप में श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम आकार लेने जा रहा है। अदूपुरा जागीर स्थित श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम एवं वानप्रस्थ आश्रम में श्री चित्रगुप्त समाज कल्याण सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में गर्भगृह का विधि-विधान से पूजन एवं प्रथम शिला का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने गर्भगृह में प्रथम शिला रखकर पूजन किया। इसके बाद ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष राकेश कुमार सक्सेना एवं अरविंद जौहरी ने भी शिला पूजन कर धाम निर्माण की मंगलकामना की। पंडित अनिल शर्मा सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत आयोजित भजन-कीर्तन में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।

दीपावली के बाद शुरू होगा निर्माण

ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि भव्य एवं दिव्य श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम तथा वानप्रस्थ आश्रम का निर्माण कार्य दीपावली के तुरंत बाद शुरू कराया जाएगा। मंदिर को लगभग दो वर्षों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह धाम समाज की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सेवा भावना का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ समाज कल्याण से जुड़े कार्यों को भी बढ़ावा मिलेगा।

समाज के गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

शिलान्यास समारोह में रवि जौहरी, प्रियांक सक्सेना, गौरव सक्सेना, संजीव कुमार, रूपम जौहरी, अरविंद जौहरी, आतुर सक्सेना, पवन सक्सेना, प्रतिभा जौहरी, ममता जौहरी, पूनम सक्सेना, सीए मनोज सक्सेना, शालिनी जौहरी, कायस्थ चेतना मंच के अध्यक्ष संजय सक्सेना, कायस्थ महासभा के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना, प्रधानाचार्य मनोज कुमार, पंकज सक्सेना, अखिलेश कुमार एवं नीलम रानी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 400 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उपस्थित लोगों ने श्री धर्महरि चित्रगुप्त धाम के शीघ्र निर्माण और इसे समाजसेवा एवं धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!