The Voice of Bareilly since 2010

श्रावण के अंतिम सोमवार पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, कैंट विधायक ने पदयात्रा में की सहभागिता

श्रावण के अंतिम सोमवार पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

bareillylive@बरेली। पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। जगह-जगह शिवभक्तों ने जलाभिषेक और भंडारे आयोजित किए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

125 कैंट विधानसभा के कालीबाड़ी मंडल स्थित अक्षर विहार पार्क से भव्य पदयात्रा एवं जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी सपत्नीक, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विधायक संजीव अग्रवाल पदयात्रा में शामिल हुए। ढोल-ताशों की थाप और भजनों के बीच कार्यकर्ताओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए। पदयात्रा कैंट स्थित बाबा धोपेश्वर नाथ मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से बाबा धोपेश्वर नाथ का दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक किया गया। भगवान शिव को पुष्प और बेलपत्र अर्पित कर जनकल्याण के लिए निरंतर सेवा कार्य करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। विधायक ने आयोजन की सफलता के लिए कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद विधायक ने आनंद आश्रम स्थित शिवालय में श्री सहस्त्र लिंगेश्वर महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक किया। उन्होंने भगवान शिव को पुष्प, बेलपत्र और चंदन अर्पित कर शीश नवाया। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो।

वहीं, पीलिभीत बाईपास रोड स्थित मन्नत लॉन में श्री निक्की वर्मा की ओर से आयोजित विशाल भंडारे में भी विधायक ने सहभागिता की। उन्होंने प्रभु श्रीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शिवभक्तों एवं क्षेत्रीय नागरिकों के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य मिठाई लाल निषाद तथा एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया से भी विधायक की आत्मीय मुलाकात हुई। विधायक ने जनसेवा और सनातन चेतना को समर्पित आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!