bareillylive@bareillynews:विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सीएमओ ने किया गांवों का निरीक्षण
बरेली। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान खंड विकास क्षेत्र मझगवां के अति संवेदनशील ग्राम कुंडरिया खुर्द एवं प्रहलादपुर का भ्रमण कर स्वास्थ्य और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामसभा में नालियों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए साप्ताहिक एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने हेतु कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और घर के आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। उन्होंने बुखार होने पर तत्काल जांच कराने तथा चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स लेने की सलाह दी।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां में एएनएम के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान टीकाकरण, आयुष्मान भारत कार्ड एवं जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के भुगतान की प्रगति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, सहायक मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक, मलेरिया निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, सीएचओ, बीसीपीएम, आशा कार्यकत्री सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।






Leave a Reply