The Voice of Bareilly since 2010

श्री हरि मंदिर में भक्तिभाव से हुआ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

श्री हरि मंदिर में मंगलवार के उपलक्ष्य में भक्ति-रसभरा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

bareillylive@bareillynews:मंगलवार के अवसर पर भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, आरती के बाद हुआ भंडारा

बरेली। सावन के पवित्र माह में मंगलवार के अवसर पर मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत धार्मिक आयोजन हुआ। सुबह मंदिर में हनुमान जी का विधिवत पूजन और शृंगार किया गया। पंडित रमेश तिवारी ने पूजा-अर्चना संपन्न कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। मंगलवार की मान्यता के अनुरूप बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना की।

शाम को श्री हरि संकीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। रवि छाबड़ा, संजय आनंद, पंकज, सचिन सेठी और सौरभ ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। ‘दुःख भंजन मारुति नंदन’, ‘मंगल मूर्ति राम’, ‘आज मंगलवार है’, ‘कीजे केसरी के लाल’ और ‘राम भी मिलेंगे तुझे, श्याम भी मिलेंगे’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

भजन संध्या के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने एक साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद हनुमान जी की आरती और शयन आरती हुई। आरती के उपरांत मंदिर प्रशासन की ओर से भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारा व्यवस्था में युवा मंडल के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं और प्रसाद वितरण में सहभागिता की।

मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आरती की परंपरा मंदिर में वर्षों से नियमित रूप से चली आ रही है। इसमें सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजनों में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, अश्विनी ओबेरॉय, गोविंद तनेजा, अतुल कपूर, रंजन कुमार, योगेश ग्रोवर, अनुराग शर्मा, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा, अनिल चड्ढा सहित मंदिर के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। समापन पर मंदिर सचिव ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!