The Voice of Bareilly since 2010

मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सरस्वती शिशु मंदिर नैनीताल मार्ग बरेली में संपन्न हुई मेहंदी प्रतियोगिता

bareillylive@bareillynews:बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में पीजी से कक्षा पांच तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने हाथों पर आकर्षक और कलात्मक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कक्षा पांच की छात्राओं ने विद्यालय में ही अपने साथ लाए मेहंदी कोन से हाथों पर विभिन्न डिजाइन बनाए। वहीं अन्य कक्षाओं की छात्राओं ने भी मेहंदी कला के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय दिया। छात्राओं में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बरेली जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने श्रावण मास के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रीति आर्य, प्रांत संयोजक धर्म जागरण, सुरुचि जायसवाल, महानगर संयोजिका दुर्गा वाहिनी, शिवी शर्मा, ब्यूटीशियन और प्रतीक्षा सक्सेना, डिजाइनर ने निभाई। निर्णायकों ने मेहंदी की सुंदरता, डिजाइन, स्वच्छता और कलात्मकता के आधार पर छात्राओं का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता की प्रभारी नीलम मिश्रा और किरण राय रहीं। मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी आचार्य-आचार्याओं और प्रतिभागी छात्राओं के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!