The Voice of Bareilly since 2010

फतेहगंज पश्चिमी में बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था बनी मुसीबत, बारिश में सड़कें जलमग्न

फतेहगंज पश्चिमी में बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था बनी मुसीबत, बारिश में सड़कें जलमग्न

bareillylive@bareillynews:बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में बदहाल जल निकासी व्यवस्था के कारण बारिश के दौरान लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार शाम करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के बाद कस्बे के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। सब्जी मंडी, मोहल्ला अंसारी, गौसिया मस्जिद गली, नई बस्ती, चौड़ा खड़ंजा और सींको वाली गली समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं।

नालियों की निकासी नहीं होने से सड़कों पर भरा पानी

तेज बारिश के बाद नालियों से पानी की समुचित निकासी नहीं हो सकी, जिसके चलते पानी सड़कों पर जमा हो गया। कई स्थानों पर लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा। घरों और दुकानों के सामने पानी भरने से स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

सब्जी मंडी में जलभराव का असर कारोबार पर भी पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ।

थोड़ी बारिश में ही जलमग्न हो जाते हैं कई मोहल्ले

स्थानीय लोगों के मुताबिक कस्बे में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। थोड़ी देर की तेज बारिश में ही कई मोहल्लों की सड़कें पानी में डूब जाती हैं। लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह कूड़ा व गंदगी जमा रहने के कारण जल निकासी बाधित होती है।

मोहल्ला अंसारी समेत प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ ही मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से नालियों की नियमित सफाई कराने, जल निकासी के अवरुद्ध रास्तों को दुरुस्त करने और कस्बे में स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!