The Voice of Bareilly since 2010

तीसरी बार मिला राष्ट्रपति वीरता पदक, डीआईजी अजय साहनी सम्मानित

पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र को तीसरी बार

bareillylive@bareillynews:बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण ने बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी को अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया।

यह सम्मान उन्हें वर्ष 2020 में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनाती के दौरान कुख्यात अपराधी चांद उर्फ काले के साथ हुई मुठभेड़ में साहसिक नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।

यह कार्रवाई 25/26 जनवरी 2020 की रात मेरठ पुलिस टीम ने की थी। तत्कालीन एसएसपी अजय साहनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय लूट गिरोह के सरगना चांद उर्फ काले को मुठभेड़ में मार गिराया था। कार्रवाई के बाद मौके से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और लूट का सामान बरामद किया गया था।

पुलिस के अनुसार, चांद उर्फ काले पुत्र सत्तार, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, कस्बा व थाना परीक्षितगढ़, के खिलाफ करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह कई जिलों में लूट और अन्य संगीन वारदातों में वांछित था। इनमें मुजफ्फरनगर के मीरापुर में बैंक लूट, नई मंडी क्षेत्र में व्यापारी से लूट, जानसठ में ज्वैलरी शॉप लूट, मेरठ के हस्तिनापुर में पेट्रोल पंप लूट, फलावदा में किराना व्यापारी से लूट और परीक्षितगढ़ में चोरी समेत कई मामले शामिल थे।

अपराधी की गिरफ्तारी पर मेरठ जोन स्तर से एक लाख रुपये और सहारनपुर परिक्षेत्र स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम की सफल कार्रवाई और साहनी के नेतृत्व को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक के लिए चुना गया।

तीसरी बार प्रतिष्ठित पदक मिलने पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने डीआईजी अजय साहनी को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!