bareillylive@bareillynews:जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मानसिक मंदित आश्रय गृह व बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण,
भोजन, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और साफ-सफाई व्यवस्थाओं की जांच, संवासियों से किया संवाद; बालिका विद्यालय के संचालन हेतु कार्मिक उपलब्ध कराने के लिए शासन को पुनः पत्र भेजने के निर्देश।
बरेली, 21 जुलाई।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को सुभाष नगर के पटेल विहार स्थित दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित नवीन मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र (पुरुष) तथा ममता राजकीय मानसिक मंदित बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत आश्रय गृह के भोजनालय एवं भंडार गृह से हुई। जिलाधिकारी ने निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किए जा रहे भोजन का निरीक्षण किया।
उस समय उड़द की दाल, जीरा आलू और चावल तैयार थे, जबकि रोटियां बनाई जा रही थीं। उन्होंने खाद्य सामग्री के भंडारण, गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच करते हुए भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेयजल की उपलब्धता, आरओ वाटर प्यूरीफायर तथा अग्निशमन यंत्रों का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने वार्डेन एवं नर्स कक्ष का निरीक्षण कर संवासियों के स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान में आश्रय गृह में 28 मानसिक मंदित संवासी निवास कर रहे हैं। सभी का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है तथा समय-समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
प्रशिक्षण भवन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने देखा कि संवासियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने संवासियों से आत्मीयता के साथ बातचीत की, उनकी दैनिक दिनचर्या और नाश्ते की जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए फलों का वितरण भी किया।
निरीक्षण के दौरान ममता राजकीय मानसिक मंदित बालिका विद्यालय की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि विद्यालय के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति हेतु पूर्व में निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र भेजा गया है।
कार्मिकों की उपलब्धता के बाद विद्यालय का संचालन भी आश्रय गृह की तर्ज पर शुरू किया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को प्राथमिकता देते हुए शासन को पुनः पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय का संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रय गृह एवं विद्यालय में रहने वाले दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।






Leave a Reply