The Voice of Bareilly since 2010

मतदेय स्थलों के समायोजन पर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा

bareillylive:bareillynews:मतदेय स्थलों के समायोजन पर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा

बरेली, 20 जुलाई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के समायोजन (रैशनलाइजेशन) के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के समायोजन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इन प्रस्तावों पर निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की गई जांच रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग प्रत्येक वर्ष मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्रों का पुनरीक्षण और समायोजन करता है, ताकि प्रत्येक मतदाता को उसके निवास के निकट सुरक्षित, सुगम और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से युक्त मतदान केंद्र उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि के पास अतिरिक्त सुझाव हों तो उन्हें समय रहते उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में यह भी बताया गया कि 25 से 28 जुलाई के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग की स्वीकृति के लिए भेजेंगे। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा अंतिम प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जाएगा।

बैठक में नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसीएम, उपजिलाधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!