bareillylive@bareillynews:किचन से लेकर छात्रावास तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन का भी किया निरीक्षण
बरेली, 18 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मंगलवार को तहसील मीरगंज के फतेहगंज पश्चिमी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय रफियाबाद का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, सुरक्षा, भोजन, आवासीय व्यवस्था और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले विद्यालय की रसोई में पहुंचे। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को परखा। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। रसोई और भोजन की साफ-सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
कक्षा में बैठकर छात्रों से की बातचीत
जिलाधिकारी ने कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के साथ कक्षा में बैठकर बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई में आ रही दिक्कतों, खानपान और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों से भी उन्होंने संवाद किया। डीएम ने छात्रों से उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की भी सलाह दी। डीएम ने कहा कि विद्यालय में किसी छात्र-छात्रा को किसी तरह की समस्या हो या सहायता की जरूरत हो तो वह अपनी बात अधिकारियों तक जरूर पहुंचाएं।
छात्राओं से सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
डीएम ने छात्राओं से उनकी सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने वार्डन और शिक्षकों के व्यवहार के बारे में विद्यार्थियों से फीडबैक लिया। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में भी पूछा।
उन्होंने छात्रावास, पेयजल और शौचालयों की साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। छात्रों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से समाधान कराया जाए।
निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समय सीमा में पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद सिंह रावत, उप प्रधानाचार्य शशिकांता कुमारी समेत शिक्षकगण और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।






Leave a Reply