The Voice of Bareilly since 2010

सांड के हमले में किसान गंभीर, सीने में सींग लगने से घायल

किसान पर सांड ने किया जानलेवा हमला

bareillylive@बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मेमोर निवासी 60 वर्षीय किसान मानसिंह पुत्र हरदयाल पर बुधवार सुबह आवारा सांड ने जानलेवा हमला कर दिया। सांड के सींग सीने में लगने से मानसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें भोजीपुरा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।

परिजनों के मुताबिक, मानसिंह सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक आवारा सांड आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, सांड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सांड का सींग उनके सीने में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजन तत्काल उन्हें भोजीपुरा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में किसान का इलाज जारी है।

परिजनों का कहना है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में करीब 12 आवारा गाय और सांड घूम रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी गांव में प्रधान पति, टीकू समेत कई लोगों पर आवारा सांड हमला कर चुके हैं। ग्रामीणों ने आवारा पशुओं को पकड़वाकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!