bareillylive@ कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया स्वागत, शिवलिंग पर कराया जलाभिषेक; बच्चों को बांटा जलपान
बरेली। रामानुज दयाल अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर के नन्हें कांवड़ियों की कांवड़ यात्रा मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच आनंद आश्रम पहुंची। रामपुर गार्डन स्थित आनंद आश्रम में यात्रा के पहुंचने पर मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बच्चों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
आनंद आश्रम स्थित श्री सहस्त्र लिंगेश्वर शिवालय में विधायक ने नन्हें कांवड़ियों से विधिवत जलाभिषेक कराया। बच्चों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि श्रावण माह में बच्चों का भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन बच्चों को धर्म, संस्कार और सनातन संस्कृति से जोड़ने के साथ ही राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं।
यात्रा में शामिल बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए विधायक की ओर से बिस्किट, चिप्स और समोसे का जलपान वितरित किया गया। बच्चे पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
इसके बाद कांवड़ यात्रा रामपुर बाग स्थित कैंप कार्यालय के सामने पहुंची। यहां विधायक ने डमरू बजाकर नन्हें कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया। डमरू की गूंज के साथ शिवभक्ति के जयकारों से मार्ग गुंजायमान हो उठा।
यात्रा के दौरान बच्चों ने धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।
इस अवसर पर पीयूष अग्रवाल, प्रेम जी, पंकज अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अरुण कश्यप, शिशुपाल कठेरिया, हिमांशु चंद्रा, प्रदीप रोहेला, प्रदीप मलिक, मनीष सक्सेना, पार्षद हरिशंकर, ब्रजेश मिश्रा, हर्षित गुप्ता आदि मौजूद रहे। रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर के व्यवस्थापक ब्रजवासी लाल अग्रवाल, प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्रिपाठी, शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






Leave a Reply