The Voice of Bareilly since 2010

फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

फर्जी आयुष्मान कार्ड

बरेलीलाइव@bareillynews:बरेली। भोजीपुरा थाना पुलिस ने फर्जी आयुष्मान, आधार और राशन कार्ड तैयार कर लोगों से हजारों रुपये ऐंठने और आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकारी धन का कथित रूप से अवैध लाभ लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सात मोबाइल फोन, 13 कूटरचित आयुष्मान कार्ड, छह फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड की 22 कूटरचित छायाप्रतियां और 2700 रुपये बरामद किए गए हैं।

एसपी नार्थ मुकेश चंद मिश्र ने बताया कि 18 अगस्त को देवरनिया जागीर निवासी हरप्रसाद की तहरीर पर भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि आबिद और उसके साथियों ने उसकी बेटी के आधार कार्ड में कूटरचना कर फर्जी आयुष्मान कार्ड तैयार किया। इसके एवज में इलाज कराने का झांसा देकर उससे 47 हजार रुपये लिए गए। बाद में आयुष्मान कार्ड फर्जी पाए जाने पर इलाज नहीं हो सका।

जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के संगठित रूप से काम करने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 19 अगस्त की सुबह 7:58 बजे अभयपुर से प्रहलादपुर जाने वाले रास्ते पर राममूर्ति अस्पताल के ब्वॉयज हॉस्टल के पीछे ट्यूबवेल के पास दबिश दी। यहां से आबिद पुत्र भूरे खां निवासी अभयपुर बैकुंठापुर, भोजीपुरा, सलमान पुत्र शहादत खां निवासी अभयपुर बैकुंठापुर, भोजीपुरा, अरमान पुत्र इस्लाम उल्ला निवासी फरीदापुर परतापुर, इज्जतनगर, अफरोज पुत्र अफसर खां निवासी रमपुरा माफी, भोजीपुरा और देशरत्न पुत्र चरन सिंह निवासी वसुधरन जागीर, देवरनिया को गिरफ्तार किया गया।

35 से 40 हजार रुपये में देते थे इलाज का झांसा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपात्र लोगों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज कराने का झांसा देते थे। इसके लिए उनसे 35 से 40 हजार रुपये तक लिए जाते थे। आधार और राशन कार्ड के आधार पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए जाते थे। इन कार्डों का इस्तेमाल अस्पतालों में इलाज कराने के लिए किया जाता था।

पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी कुँवर बहादुर सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक राजकुमार, उप निरीक्षक विनय बहादुर सिंह, तनवेश कुमार और पवन कुमार, हेड कांस्टेबल साबिर अली व सुमित शर्मा तथा कांस्टेबल हरिओम सैनी, ऋषिकांत कुमार, दीपक कुमार और रवि कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!