bareillylive@bareillynews:मराठा बुलियन एसोसिएशन और श्री गणेश महोत्सव समिति मनाएगी गणेश महोत्सव, सप्ताहभर होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बरेली। श्री गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर मराठा बुलियन एसोसिएशन एवं श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से इस वर्ष भी नाथ नगरी बरेली में गणपति महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग में 14 सितंबर से भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा विराजमान होगी। सात दिवसीय महोत्सव का समापन 20 सितंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।
समिति के अनुसार गणेश चतुर्थी के अवसर पर बरेली शहर के विभिन्न मंदिरों, मोहल्लों, गलियों और चौराहों पर पंडाल सजाकर भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव मनाया जाता है। महाराष्ट्र की परंपरा से प्रेरित यह महोत्सव पिछले करीब तीन दशकों से बरेली में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।
1996 में छोटे स्तर से हुई थी शुरुआत
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि उन्होंने मराठी परिवारों के साथ वर्ष 1996 में बरेली में छोटे स्तर पर गणपति बप्पा के पूजन और उत्सव की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे शहरवासियों की सहभागिता बढ़ती गई और यह आयोजन बड़े सार्वजनिक महोत्सव में परिवर्तित हो गया। अब स्थानीय लोगों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी के साथ श्री गणेश महोत्सव समिति द्वारा इसका आयोजन किया जाता है।
सप्ताहभर होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
महोत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश की विशाल प्रतिमा महाराष्ट्र से मंगाई जाती है। सप्ताहभर पूजा-अर्चना, आरती, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की डांस प्रतियोगिता, सम्मान समारोह और प्रसाद भंडारे सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस महोत्सव में पूर्व में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी विशेष रूप से आरती-पूजन कर चुके हैं। हर वर्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं समेत हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहती है।
20 सितंबर को निकलेगी भव्य विसर्जन शोभायात्रा
14 सितंबर से शुरू होने वाला गणेश महोत्सव 20 सितंबर तक चलेगा। अंतिम दिन भगवान गणपति बप्पा की विशाल प्रतिमा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार शोभायात्रा का विशेष आकर्षण महाराष्ट्र के नासिक से आने वाला करीब 100 सदस्यीय बैंड होगा। बैंड के सदस्य नाथ नगरी की सड़कों पर गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा में शामिल होंगे।
सामाजिक समरसता का संदेश देता है महोत्सव
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम भी है। महोत्सव में स्थानीय व्यापारी वर्ग के साथ महिलाएं, युवा और समाज के विभिन्न वर्ग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में किसी भी नए कार्य की शुरुआत से पहले भगवान श्री गणेश की पूजा की जाती है। भगवान गणेश को बुद्धि, विद्या और ज्ञान का दाता तथा विघ्नहर्ता माना जाता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु गणपति बप्पा से अपने जीवन की परेशानियां और विघ्न दूर करने की प्रार्थना करते हैं।
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान सौरभ अग्रवाल, गगन मेहरोत्रा, अरुण कुमार सिंह, सुभाष गुप्ता किलवाले, विशाल मल्होत्रा, राजकुमार राजपूत, संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, विशाल रस्तोगी, विनीत रस्तोगी, आशीष रस्तोगी, दयाशंकर वर्मा, अमित वर्मा, विनोद वर्मा, भूपेश कुमार, पवन बाजपेई, उमंग शंखदार, राजेंद्र कश्यप, अमन अग्रवाल, सोनू, वरुण अग्रवाल, सुशील बंसल, सुदेश अग्रवाल, आशीष पटवा, करण शर्मा, मनोज अरोरा, मुनीष शर्मा, अर्पण गर्ग, तुषार गर्ग, अविनाश पाटील, सरजेराव पाटिल, मंगेश कदम, नानासाहेब गाडे, विजय पाटिल, प्रमोद पाटिल, दशरथ घाडगे, पांडुरंग मराठा, गणेश जाधव आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply