Bareillylive : केंद्र सरकार के *12 वर्ष पूर्ण होने* पर चल रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को बरेली की नौमहला मलिन बस्ती में प्रशासन सड़क पर उतर आया। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल और डीएम अविनाश सिंह ने खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर में जनता की समस्याएं सुनकर मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मलिन बस्ती में पहुंची पूरी सरकार, अफसरों ने लगाए स्टॉल
नगर निगम ने वार्ड संख्या-09 नौमहला मलिन बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण और जनसमस्या समाधान शिविर लगाया। पेंशन, स्वास्थ्य, विद्युत, पूर्ति, स्वच्छता समेत सभी विभागों के स्टॉल लगे। नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर लोगों को प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। कई शिकायतों का तत्काल समाधान हुआ और पात्रों को योजनाओं से जोड़ा गया।
डीएम बोले: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि ‘क्लीन बरेली-हेल्थी बरेली’ अभियान का मकसद मलिन बस्तियों के हर परिवार तक पहुंचकर समस्या सुलझाना है। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने अफसरों को जनता की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के निर्देश दिए। मेयर डॉ. उमेश गौतम बोले कि नगर निगम पहली बार सीधे जनता के बीच जाकर काम कर रहा है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, प्रशासन की तारीफ
कार्यक्रम में नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षद और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम की इस पहल को जनहित में बड़ा कदम बताया।






Leave a Reply