बरेलीलाइव@bareillylive:bareillynews: फर्जी फर्मों से ₹5 करोड़ से अधिक की जीएसटी धोखाधड़ी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली। थाना कैंट, इज्जतनगर और भमोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्मों के माध्यम से करोड़ों रुपये की जीएसटी धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी फर्में और बैंक खाते संचालित कर ₹5 करोड़ से अधिक की जीएसटी धोखाधड़ी की। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक अपराध भारत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 30 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर न्यारा पेट्रोल पंप, मनु इंटरनेशनल स्कूल तिराहा के पास से राहुल गुप्ता निवासी सम्भल और गोविन्द गुप्ता निवासी मीरगंज, बरेली को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में फर्जी फर्मों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन के जरिए जीएसटी धोखाधड़ी के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। जांच में अमित गुप्ता और प्रशांत गुप्ता के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेनॉल्ट डस्टर कार, 9 मोबाइल फोन, 37 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 पैन कार्ड, 21 आधार व अन्य पहचान पत्र, 36 चेकबुक, 17 बैंक पासबुक, 5 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 6 फर्जी फर्मों की मोहरें, 8 यूपीआई/क्यूआर स्कैनर, रजिस्टर, डायरियां, बिलबुक तथा जीएसटी और बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कैंट, इज्जतनगर और भमोरा में दर्ज मामलों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फर्जी फर्मों के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जांच जारी है।





Leave a Reply