bareillylive@bareillynews:मंडलायुक्त ने कहा- आस्था के साथ सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता, यातायात नियमों का पालन करें श्रद्धालु
बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर रविवार को बरेली क्लब के सामने जागरूकता अभियान चलाया गया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त शंभु कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान मोटरसाइकिल से कांवड़ यात्रा पर जा रहे करीब 100 ऐसे श्रद्धालुओं को हेलमेट वितरित किए गए, जो बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। अधिकारियों और आयोजकों ने कांवड़ यात्रियों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।
मंडलायुक्त शंभु कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। हेलमेट महज यातायात नियमों का पालन करने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। यात्रा के दौरान धैर्य और सावधानी बरतने के साथ यातायात नियमों का पालन करें।
स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी रखें ध्यान
संभागीय परिवहन अधिकारी बरेली पंकज सिंह ने कहा कि ‘सुरक्षित यात्रा-सुरक्षित जीवन’ का संदेश हर कांवड़ यात्री तक पहुंचना जरूरी है। सड़क पर चलते समय श्रद्धालु अपनी सुरक्षा के साथ अन्य राहगीरों और साथी कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस व परिवहन विभाग की ओर से लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक वाहन चालक, राहगीर और सड़क उपयोगकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति से वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (यातायात) मोहम्मद अकमल खान, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वैभव सोती, रमेश प्रजापति, अल्पित अग्रवाल, दिनेश मलिक, जगदीश मलिक, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजीव सिंघल, सचिव शरद अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






Leave a Reply